सूखते जल स्रोत और घटती छांव पर सोशल फोरम ने उठाई आवाज


दीपक श्रीवास्तव 

सूखते जल स्रोत और घटती छांव पर सोशल फोरम ने उठाई आवाज


- विश्व पर्यावरण दिवस पर डीएम को सौंपा ज्ञापन

-  जल संरक्षण और शहर में सड़क किनारे पौधारोपण की उठाई मांग


जौनपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सोशल फोरम के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपकर जनपद में बढ़ते पर्यावरणीय संकट, सूखते जल स्रोतों और घटती हरियाली पर चिंता व्यक्त की। संगठन ने जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों को देखते हुए प्रशासन से ठोस और दीर्घकालिक कदम उठाने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया है कि जौनपुर में पिछले कुछ वर्षों के दौरान भीषण गर्मी, अनियमित वर्षा, गिरते भूजल स्तर और सिकुड़ते पारंपरिक जल स्रोत पर्यावरणीय संकट का संकेत हैं। कभी जल संचयन और जैव विविधता के केंद्र रहे कई तालाब, पोखरे और जलाशय आज अतिक्रमण, प्रदूषण और उपेक्षा का शिकार हैं।

जौनपुर सोशल फोरम ने विशेष रूप से जौनपुर नगर में छायादार वृक्षों की कमी का मुद्दा उठाया। ज्ञापन में कहा गया कि शहर की अधिकांश प्रमुख सड़कों के किनारे ऐसे वृक्ष नहीं हैं जो राहगीरों को गर्मी से राहत दे सकें। भीषण गर्मी के दौरान पैदल चलने वाले नागरिकों, छात्रों, बुजुर्गों और श्रमिकों को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। हाल के दिनों में जेसीज चौराहे के पास यूनियन बैंक के सामने स्थित एक पुराने छायादार वृक्ष को भी काट दिए जाने का उल्लेख करते हुए संगठन ने शहर में सुनियोजित वृक्षारोपण अभियान चलाने की आवश्यकता बताई।

फोरम ने मांग की कि नगर क्षेत्र की प्रमुख सड़कों का सर्वे कर ऐसे स्थानों को चिह्नित किया जाए जहां छायादार वृक्ष लगाए जा सकें। साथ ही पीपल, बरगद, नीम, पाकड़ और अर्जुन जैसी स्थानीय प्रजातियों के वृक्षों के रोपण एवं संरक्षण के लिए विशेष योजना बनाई जाए।

ज्ञापन में गोमती, सई तथा अन्य नदियों में बढ़ते प्रदूषण पर भी चिंता व्यक्त की गई। संगठन ने प्रमुख तालाबों और जलाशयों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने, सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रभावी नियंत्रण, हरित क्षेत्रों को अतिक्रमण से मुक्त कराने तथा जिला स्तरीय क्लाइमेट एक्शन प्लान तैयार करने की मांग उठाई।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण अब केवल प्रकृति का विषय नहीं रह गया है, बल्कि यह जनस्वास्थ्य, जल सुरक्षा, कृषि और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा प्रश्न बन चुका है। उन्होंने प्रशासन से पर्यावरणीय चुनौतियों को प्राथमिकता देते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने वालों में जौनपुर सोशल फोरम के निसार अहमद खान, शिराज अहमद, आनंद देव, जफर महमूद मोहम्मद अबु कलाम   मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ