दीपक श्रीवास्तव
मजदूरों को संगठित कर सपा से जोड़ने का अभियान तेज, शिवपुर में हुई मजदूर पंचायत
वाराणसी, 25 जून । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी मजदूर सभा द्वारा प्रदेशभर में आयोजित की जा रही मजदूर पंचायतों के क्रम में गुरुवार को शिवपुर विधानसभा क्षेत्र के भवानीपुर गांव में मजदूर पंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मजदूरों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
मजदूर पंचायत में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी मजदूर सभा के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अमित यादव उपस्थित रहे। उनके साथ पार्षद गोविंद सिंह पटेल तथा जिला पंचायत सदस्य शम्भु यादव भी मौजूद रहे।
डॉ. अमित यादव ने कहा कि समाजवादी मजदूर सभा ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एक करोड़ मजदूरों को समाजवादी पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों की नीतियों से मजदूर वर्ग प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि नए श्रम कानून मजदूरों के अधिकारों को सीमित करते हैं और श्रमिक हितों की बजाय बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने वाले हैं।
उन्होंने कहा कि मजदूर देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके बिना विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। मजदूरों को सम्मानजनक मजदूरी, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा मिलनी चाहिए। साथ ही ठेका प्रथा और श्रमिक शोषण के खिलाफ प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।
पंचायत में मजदूरों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने और संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने युवाओं को रोजगार और श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष जय सिंह यादव ‘टाइगर’ ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव धनंजय साहनी ने किया। कार्यक्रम में अरुण कुमार मौर्य, डी.एन. गुप्ता, प्यारेलाल, मुन्ना लाल यादव, श्याम प्रकाश, केशव यादव, विष्णु प्रसाद यादव, मगरू और विशाल सहित अनेक कार्यकर्ता एवं मजदूर उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें