दीपक श्रीवास्तव
पटना-कोटा एक्सप्रेस को सिटी स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर गिरीश चंद्र यादव ने किया रवाना
सांसद प्रतिनिधि के अपमान के आरोप पर सपा कार्यकर्ताओं का हंगामा
जौनपुर,26 जून। यूपी के जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शाम करीब 6 बजे उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने नवस्वीकृत ठहराव के बाद पटना-कोटा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान ट्रेन के ठहराव को लेकर खुशी का माहौल रहा, लेकिन सांसद प्रतिनिधि को मंच पर सम्मान न मिलने के आरोप के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया।
रेल मंत्रालय की ओर से जौनपुर के सांसद बाबू सिंह कुशवाहा को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था। सांसद किसी कारणवश कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके और अपने प्रतिनिधि मनोज मौर्य को भेजा। मनोज मौर्य ने आरोप लगाया कि उन्हें मंच पर उचित स्थान नहीं दिया गया और न ही संबोधित करने का अवसर मिला। इसे लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर मौजूद एडीआरएम गरिमा सिंह ने समझाकर मामला शांत कराया।
राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि पटना-कोटा एक्सप्रेस के जौनपुर सिटी स्टेशन पर ठहराव से जिले और आसपास के हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। छात्रों, व्यापारियों और तीर्थयात्रियों के लिए पटना और कोटा जैसे महत्वपूर्ण शहरों तक सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि बेहतर रेलवे कनेक्टिविटी से क्षेत्र के व्यापार, शिक्षा और विकास को नई गति मिलेगी।
राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने भी इस ठहराव का स्वागत करते हुए कहा कि इससे यात्रियों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि जौनपुर से मुंबई जाने वाले यात्रियों की समस्याओं को देखते हुए रेल मंत्री से माता शीतला एक्सप्रेस के संचालन की मांग भी की जाएगी।
ट्रेन रवाना होने के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने "जय श्रीराम", "भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद" और "गिरीश यादव जिंदाबाद" के नारे लगाए। वहीं सपा कार्यकर्ताओं ने "पीडीए जिंदाबाद", "अखिलेश यादव जिंदाबाद" और "बाबू सिंह कुशवाहा जिंदाबाद" के नारे लगाए। इस दौरान एक भाजपा कार्यकर्ता ट्रेन पर चढ़कर भगवा झंडा लहराने लगा। स्थिति को देखते हुए जीआरपी और रेलवे पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और ट्रेन को सुरक्षित रवाना कराया।।इस दौरान
सांसद प्रतिनिधि मनोज मौर्य ने कहा कि सांसद को कार्यक्रम का निमंत्रण मिला था, लेकिन उनके प्रतिनिधि के रूप में पहुंचने पर उन्हें मंच पर सम्मान नहीं दिया गया। वरिष्ठ सपा नेता राहुल त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि सांसद प्रतिनिधि को न तो मंच पर स्थान दिया गया और न ही बोलने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ताओं को बैठने तक की व्यवस्था नहीं दी गई, जबकि इस ट्रेन के ठहराव के लिए सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने रेल मंत्री से मुलाकात कर प्रयास किया था।
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में भाजपा जनप्रतिनिधियों ने ट्रेन के ठहराव का श्रेय सांसद बाबू सिंह कुशवाहा को नहीं दिया और जानबूझकर उनकी उपेक्षा की गई। इस मामले को लेकर पार्टी स्तर पर आगे निर्णय लिया जाएगा।जरूरत पड़ी तो रेलवे मंत्री और अधिकारियों को चिट्ठी लिखा जाएगा और इसका स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें