Deepak srivastava
जौनपुर में पुलिस मुठभेड़ में अवैध हथियार तस्करी गिरोह का सरगना घायल, तीन गिरफ्तार
जौनपुर, 26 जून।यूपी के जौनपुर में केराकत कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में अवैध हथियार तस्करी गिरोह का सरगना घायल हो गया, जबकि उसके तीन साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से तीन पिस्टल, दस तमंचे, कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। घायल आरोपित का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।इस मामले में शुक्रवार को खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि केराकत थाना पुलिस, गौराबादशाहपुर थाना पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान बदमाशों से मुठभेड़ हुई। इसमें गिरोह का सरगना शैलेश यादव गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके तीन साथियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में पता चला कि गिरोह मध्य प्रदेश से पिस्टल और बिहार से तमंचे लाकर जौनपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचता था। आरोपित पिस्टल 25 से 30 हजार रुपये तथा तमंचे करीब पांच हजार रुपये में खरीदकर उन्हें 40 से 50 हजार रुपये तक में बेचते थे। इन हथियारों का इस्तेमाल हत्या, लूट, रंगदारी और अन्य आपराधिक घटनाओं में किया जाता था।
एसपी सिटी ने बताया कि शैलेश यादव के विरुद्ध विभिन्न जनपदों में 16 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और पूर्व में भी उसकी पुलिस से मुठभेड़ हो चुकी है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के सदस्य ट्रेन और बस के माध्यम से हथियारों की खेप लाते थे। गिरफ्तार आरोपितों के सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील बनाने की भी जानकारी मिली है। यह गिरोह जाफराबाद क्षेत्र में हुई लूट की एक घटना में प्रयुक्त हथियारों की आपूर्ति से भी जुड़ा पाया गया है। मामले की गहन जांच के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित कर दी गई है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें