दीपक श्रीवास्तव
पटना-कोटा एक्सप्रेस को जौनपुर सिटी में ठहराव आज से राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव दिखाएंगे हरि झंडी
जौनपुर रेल मंत्रालय ने पटना-कोटा एक्सप्रेस के जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर ठहराव को मंजूरी दे दी है। यह नई सुविधा 26 जून से यात्रियों के लिए प्रभावी होगी। इस निर्णय से जौनपुर और आसपास के हजारों यात्रियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
इस ठहराव का उद्घाटन खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव करेंगे। वे शुक्रवार शाम 5:20 बजे जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे और गाड़ी संख्या 13239 (पटना-कोटा) एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
राज्यमंत्री के जनसंपर्क अधिकारी मनीष श्रीवास्तव के अनुसार, गाड़ी संख्या 13239 (पटना-कोटा) एक्सप्रेस शाम 5:41 बजे जौनपुर सिटी पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद 5:43 बजे आगे के लिए रवाना होगी। इसी तरह, गाड़ी संख्या 13240 (कोटा-पटना) एक्सप्रेस दोपहर 12:35 बजे जौनपुर सिटी आएगी और 12:37 बजे अपनी यात्रा फिर से शुरू करेगी।
इस ठहराव से जौनपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। पटना और कोटा जैसे महत्वपूर्ण शहरों तक पहुंचना अब आसान हो जाएगा, जिससे छात्रों, व्यापारियों और तीर्थयात्रियों को विशेष सुविधा होगी। पहले उन्हें यात्रा के लिए अन्य स्टेशनों पर निर्भर रहना पड़ता था।
रेलवे कनेक्टिविटी में इस सुधार से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। बेहतर परिवहन सुविधा से व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी, स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाना आसान होगा, और शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी सुगम होगी। यह ठहराव जौनपुर की आर्थिक और सामाजिक प्रगति में सहायक सिद्ध होगा।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें