श्री गणपति पूजा महासमिति जौनपुर के मुख्य संरक्षक बने लोलारक दुबे, पं. ईशान चतुर्वेदी को मिली संरक्षक सदस्य की जिम्मेदारी
जौनपुर। श्री गणपति पूजा महासमिति जौनपुर की एक विशेष बैठक शहर के उर्दू बाजार स्थित श्री घनश्यामदास बैंकर के बगीचा में वरिष्ठ संरक्षक एवं समाजसेवी राकेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक का शुभारंभ पंडित ईशान चतुर्वेदी द्वारा भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराकर किया गया।
बैठक में महासमिति के मुख्य संरक्षक पंडित अवधेश चतुर्वेदी के आकस्मिक निधन के बाद रिक्त हुए पद पर नए मुख्य संरक्षक के चयन को लेकर विचार-विमर्श किया गया। आगामी गणेश चतुर्थी महोत्सव को देखते हुए संरक्षक मंडल, विशिष्ट सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि महासमिति के किसी वरिष्ठ संरक्षक को ही यह दायित्व सौंपा जाए, जिससे संगठन के आगामी कार्यक्रमों का संचालन सुचारु रूप से हो सके।
विस्तृत चर्चा के बाद वरिष्ठ पत्रकार एवं महासमिति के संरक्षक लोलारक दुबे को मुख्य संरक्षक बनाए जाने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया। साथ ही पंडित ईशान चतुर्वेदी को नया संरक्षक सदस्य मनोनीत किया गया।
अध्यक्षता कर रहे राकेश श्रीवास्तव ने घोषणा करते हुए कहा कि लोलारक दुबे एक वरिष्ठ पत्रकार होने के साथ-साथ सामाजिक, मृदुभाषी एवं सरल व्यक्तित्व के धनी हैं। उन्होंने हमेशा महासमिति को अपना सक्रिय सहयोग दिया है। उनके नेतृत्व में महासमिति को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। घोषणा के बाद उपस्थित लोगों ने करतल ध्वनि से स्वागत करते हुए उन्हें माल्यार्पण कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में नवनियुक्त मुख्य संरक्षक लोलारक दुबे ने कहा कि महासमिति द्वारा सौंपे गए इस महत्वपूर्ण दायित्व का वह पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि महासमिति के प्रत्येक संरक्षक, विशिष्ट सदस्य एवं ऊर्जावान पदाधिकारियों के साथ मिलकर संगठन को और मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस विश्वास और सम्मान को सदैव बनाए रखेंगे।
बैठक में अशोक शर्मा एडवोकेट, शशि कुमार श्रीवास्तव, अरशद कुरैशी, आनंद मिश्रा एडवोकेट, संजय अस्थाना, डॉ. अतुल प्रकाश यादव, अतुल सिंह, मेहदी रज़ा एडवोकेट, मनोज मिश्र एडवोकेट, विक्रम मौर्य, हरिद्वारी प्रसाद विश्वकर्मा एडवोकेट, डॉ. अंजना सिंह, जगदीश प्रसाद मौर्य, उर्वशी सिंह, तुलिका श्रीवास्तव, कैलाश यादव एडवोकेट, जयहिंद यादव, राधेरमण जायसवाल, अश्वनी बैंकर, गौरव यादव, शकील मुमताज, ज्ञानप्रकाश पांडेय, संजय प्रजापति, आनंद अग्रहरि, अदालत यादव, रमेश सिंह एवं डॉ. प्रवेश सिंह सहित अनेक लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए।
आगंतुकों का स्वागत संयोजक नवीन सिंह बसगोती ने किया, जबकि अध्यक्ष दीपक जावा एवं कोऑर्डिनेटर संजय जांडवानी ने संयुक्त रूप से आभार व्यक्त किया। बैठक का संचालन मुख्य ट्रस्टी संजीव कुमार एडवोकेट ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महासचिव पवन दुबे, कोषाध्यक्ष विशाल खत्री, उपाध्यक्ष आशीष बोस सहित संगठन के अनेक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें