जिलाधिकारी ने बीआरपी कॉलेज मैदान में लगी प्रदर्शनी का किया आकस्मिक निरीक्षण

दीपक श्रीवास्तव 

जिलाधिकारी ने बीआरपी कॉलेज मैदान में लगी प्रदर्शनी का किया आकस्मिक निरीक्षण


सुरक्षा, स्वच्छता और फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

जौनपुर, 07 जून। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने शनिवार देर शाम बीआरपी कॉलेज मैदान में आयोजित प्रदर्शनी का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न स्टॉलों, झूलों तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आयोजकों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने प्रदर्शनी स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर देते हुए कहा कि झूलों एवं अन्य उपकरणों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बड़े झूलों तथा अन्य संरचनाओं की लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से तकनीकी जांच कराने और सीसीटीवी कैमरों को लगातार क्रियाशील रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने आयोजन स्थल की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ ही सभी वालंटियर्स एवं कर्मचारियों के पहचान पत्र अनिवार्य रूप से बनवाने को कहा। इसके अलावा विद्युत पोल एवं वायरिंग की सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव के लिए आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मेले में अग्निशमन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए फायर सेफ्टी उपकरणों को मानकों के अनुरूप स्थापित करने और उन्हें पूरी तरह कार्यशील रखने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदर्शनी परिसर में शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल उपलब्धता तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खान-पान की दुकानों की गुणवत्ता के संबंध में भी जानकारी ली और दुकानदारों को रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ