जौनपुर में नीट-यूजी परीक्षा में 8905 अभ्यर्थी शामिल

दीपक श्रीवास्तव 
जौनपुर में नीट-यूजी परीक्षा में  8905 अभ्यर्थी शामिल
17 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा, बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य

जौनपुर,21 जून ।नीट-यूजी परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच 17 केंद्रों पर शुरू हो गई है। इसमें कुल 8905 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने परीक्षा की शुचिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य किया है।
परीक्षार्थियों को सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी गई। बायोमेट्रिक पुष्टि होने के बाद ही उन्हें परीक्षा हॉल में प्रवेश दिया जा रहा है। जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर त्रि-स्तरीय सघन चेकिंग की जा रही है।

परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को केवल प्रवेश पत्र, वैद्य फोटो आईडी कार्ड, दो पासपोर्ट साइज की फोटो, पेन और कुछ पैसे ले जाने की इजाजत है। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर या अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, नोट्स, किताबें और लिखित सामग्री या बैग ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध है।
परीक्षार्थियों को हल्के और साधारण कपड़े, आधी बाजू के वस्त्र, तथा साधारण चप्पल या सैंडल पहनने की सलाह दी गई है। सभी को ड्रेस कोड का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।
सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और खुफिया विभाग भी लगातार नजर रख रहा है। केंद्र व्यवस्थापकों ने शनिवार को ही सीटिंग प्लान लगाने का काम पूरा कर लिया था। इसके अतिरिक्त, सीसीटीवी कैमरों की जांच, बिजली-पंखों की मरम्मत और पेयजल व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई थीं। जिन केंद्रों पर छाया की व्यवस्था नहीं थी, वहां टेंट लगाने के निर्देश दिए गए थे।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ