दीपक श्रीवास्तव
100 शैयायुक्त अस्पताल निर्माण की धीमी प्रगति पर डीएम नाराज, गुणवत्ता सुधारने के दिए निर्देश
जौनपुर, 25 जून । यूपी के जौनपुर में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने गुरुवार को जिले की दो महत्वपूर्ण निर्माण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सिकरारा में निर्माणाधीन 100 शैयायुक्त चिकित्सालय की धीमी प्रगति और गुणवत्ता को लेकर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले जफराबाद-सुल्तानपुर-लखनऊ रेलखंड पर राष्ट्रीय राजमार्ग-231 स्थित समपार संख्या 09-बी पर निर्माणाधीन चार लेन रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड के अधिकारियों को श्रमिकों की संख्या बढ़ाने तथा सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए जून 2027 तक परियोजना को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेतु के निर्माण से क्षेत्र में जाम की समस्या कम होगी और आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनेगा।
इसके बाद जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री घोषणा के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिकरारा को उच्चीकृत कर बनाए जा रहे 100 शैयायुक्त चिकित्सालय के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति अपेक्षाकृत धीमी तथा गुणवत्ता मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रति नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप कराए जाएं तथा परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर के सामने परियोजना की लागत, कार्यदायी संस्था, प्रगति और पूर्णता की समयसीमा दर्शाने वाला सूचना बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी परियोजनाओं में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और आधारभूत ढांचे का लाभ मिल सके।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें