दीपक श्रीवास्तव
चौकियां धाम में वाहनों का प्रवेश डायवर्ट,दुकानदारों ने जताया विरोध, जीविकापार्जन का संकट बताया
जौनपुर में मां शीतला चौकियां धाम में बढ़ती भीड़ के कारण जिला प्रशासन ने चार पहिया वाहनों का प्रवेश रोक दिया है। मंगलवार को वाहनों को मुख्य मेला मार्ग से डायवर्ट कर दिया गया, जिससे दुकानदारों ने विरोध प्रदर्शन किया और अपनी दुकानें बंद कर दीं। उनका कहना है कि इस नई व्यवस्था से उनकी आजीविका पर संकट आ गया है।
बड़ागर स्कूल तिराहे के पास बैरियर लगाकर यातायात पुलिस ने शीतला चौकियां धाम जाने वाले पुराने मुख्य मार्ग से चार पहिया वाहनों को सोनकर बस्ती चौकीपुर होते हुए मंदिर के पीछे भेजा। इस बदलाव के कारण मुख्य मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही कम हो गई और महंगूपुर क्षेत्र में सन्नाटा पसरा रहा।
दुकानदारों ने श्रद्धालुओं की कमी के कारण रोष व्यक्त किया। नानक यादव, देवानन्द, अनुराग श्रीवास्तव, रवि शास्त्री, देवानन्द मौर्य, विशाल, आशीष, जवाहर, सौरभ, सुनील मौर्य सहित कई दुकानदारों ने बताया कि उनके पास यात्रियों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था है, फिर भी प्रशासन वाहनों को आने नहीं दे रहा है। उन्होंने इसे अपनी जीविका के लिए खतरा बताया।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें