दीपक श्रीवास्तव
गौ रक्षा पर बड़ा आंदोलन छेड़ेगा हिंदुस्तान यूनाइटेड मोर्चा
शंकराचार्य के स्वागत के साथ सरकार को सौंपा जाएगा छह सूत्रीय ज्ञापन
जौनपुर, 13 मई। यूपी के जौनपुर में हिंदुस्तान यूनाइटेड मोर्चा ने गौ रक्षा के मुद्दे पर बड़ा और निर्णायक आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया। संगठन के अध्यक्ष आरिफ खान और उपाध्यक्ष शहनवाज मंजूर ने बुधवार को एक होटल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि अब यह मुद्दा केवल अपील तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जनभागीदारी के साथ सड़कों पर संघर्ष किया जाएगा।
अध्यक्ष आरिफ खान ने कहा कि गौ रक्षा इंसानियत, करुणा और साझा विरासत का प्रतीक है। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो संगठन पूरे प्रदेश में व्यापक जनआंदोलन करेगा। उन्होंने मुस्लिम समाज से भी आगे आकर गौ संरक्षण के समर्थन की अपील की।
उपाध्यक्ष शहनवाज मंजूर ने पश्चिम बंगाल और असम सरकार पर निशाना साधते हुए गौ हत्या और मांस सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि सरकारें कार्रवाई नहीं करती हैं तो उनकी मंशा पर सवाल उठेंगे।साथ ही उन्होंने कहा 15 मई को दोपहर दो बजे सिपाह चौराहे पर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के आगमन पर संगठन की ओर से उनका स्वागत किया जाएगा। साथ ही उनके माध्यम से उत्तर प्रदेश सरकार को छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा जाएगा।
ज्ञापन में गाय को ‘राष्ट्रमाता’ घोषित करने हेतु केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने, उत्तर प्रदेश में ‘राजकीय माता’ का दर्जा देने, गौशालाओं में सीसीटीवी निगरानी अनिवार्य करने, प्रत्येक जिले में आधुनिक गो-चिकित्सालय स्थापित करने, घायल गायों के लिए एम्बुलेंस सेवा शुरू करने तथा मृत गायों के सम्मानजनक अंतिम संस्कार की सरकारी नीति बनाने जैसी मांगें शामिल हैं।
अंत में दोनों नेताओं ने कहा कि यह जनभावनाओं से जुड़ा आंदोलन है और इसे हर हाल में अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें