मेडिकल कॉलेज जौनपुर में पहली बार सफल पेसमेकर प्रत्यारोपण, हृदय रोगियों को मिली बड़ी राहत

दीपक श्रीवास्तव 
मेडिकल कॉलेज जौनपुर में पहली बार सफल पेसमेकर प्रत्यारोपण, हृदय रोगियों को मिली बड़ी राहत

जौनपुर। उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के कार्डियोलॉजी विभाग में पहली बार स्थायी पेसमेकर प्रत्यारोपण की सफल प्रक्रिया संपन्न की गई। इस उपलब्धि के साथ मेडिकल कॉलेज में अब हृदय रोगों के उन्नत उपचार और पेसमेकर प्रत्यारोपण की सुविधा औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। इससे जौनपुर और आसपास के मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख करने की आवश्यकता काफी हद तक कम हो जाएगी।
जानकारी के अनुसार खुटहन क्षेत्र निवासी 68 वर्षीय मरीज को गंभीर हृदय संबंधी समस्या के चलते मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। जांच के दौरान चिकित्सकों ने पाया कि मरीज की हृदय गति अत्यंत धीमी और अनियमित हो रही थी, जिससे उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद स्थायी पेसमेकर प्रत्यारोपण को आवश्यक माना गया।
मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रोफेसर आर. बी. कमल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर ए. ए. जाफरी तथा जनरल मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार के मार्गदर्शन में कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. आनंद कुमार सिंह एवं उनकी टीम ने सफलतापूर्वक पेसमेकर प्रत्यारोपण किया।
ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकीय टीम ने पूरी सावधानी और कुशलता का परिचय दिया। वर्तमान में मरीज की स्थिति सामान्य और स्थिर बताई जा रही है तथा उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर प्रधानाचार्य प्रोफेसर आर. बी. कमल ने कार्डियोलॉजी विभाग की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज लगातार आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार कर रहा है, ताकि जनपद के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इस सफल प्रक्रिया में डॉ. मोहम्मद शादाब, डॉ. सिद्धार्थ कुमार सहित अन्य सहायक कर्मचारियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं पेसमेकर टेक्निकल टीम में अशोक यादव, कासिफ अहमद और विवेक का विशेष सहयोग रहा।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ