दीपक श्रीवास्तव
ईंधन संरक्षण के लिए डीएम की पहल, काफिले से हटाया एस्कॉर्ट
जौनपुर,15 मई। यूपी के जौनपुर में शासन के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने ऊर्जा संरक्षण और जनप्रेरक कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की है। गुरुवार को जिलाधिकारी ने ईंधन बचत अभियान को प्रभावी बनाने के लिए अपने काफिले से एस्कॉर्ट वाहन हटाने का निर्णय लिया है। यह कदम ईंधन की अनावश्यक खपत कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि सरकारी वाहनों का उपयोग केवल आवश्यक कार्यों के लिए ही किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला मुख्यालय, तहसील और ब्लॉक स्तर पर उपलब्ध वाहनों का न्यूनतम प्रयोग सुनिश्चित किया जाए। यदि किसी कार्यालय में चार वाहन उपलब्ध हों, तो आवश्यकता के अनुसार एक ही वाहन का उपयोग किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को अधिकतम बैठकों का आयोजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग माध्यम से करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अनावश्यक यात्रा और ईंधन की खपत को रोका जा सके। साथ ही अनावश्यक क्षेत्र भ्रमण और बैठकों के लिए वाहनों के प्रयोग से बचने को कहा गया है।
डीएम ने प्रशासनिक कार्यों में डिजिटल और वर्चुअल माध्यमों के अधिकतम उपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल सरकारी विभागों तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन को भी इससे प्रेरणा लेनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि निजी वाहनों की अपेक्षा सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करें और ईंधन संरक्षण में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बचतें मिलकर बड़े स्तर पर ऊर्जा संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें