दीपक श्रीवास्तव
सांसद प्रिया सरोज की AI फर्जी तस्वीरें वायरल,बीजेपी नेता समेत दो पर FIR, प्रतिष्ठा धूमिल करने का आरोप
जौनपुर,15 मई ।यूपी के जौनपुर में मछलीशहर लोकसभा सीट से सांसद प्रिया सरोज की फर्जी और मॉर्फ्ड तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला पुलिस तक पहुंच गया है। इन तस्वीरों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग करके तैयार किया गया था। सांसद की शिकायत पर गुरुवार को बीजेपी के जिला मीडिया प्रभारी अमोद सिंह समेत दो लोगों के खिलाफ साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एफआईआर के अनुसार, सांसद प्रिया सरोज ने आरोप लगाया है कि अमोद सिंह और विशाल सिंह नामक व्यक्तियों के फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट्स से उनकी एडिटेड व फर्जी तस्वीरें तथा भ्रामक सामग्री प्रसारित की जा रही थी। इन पोस्टों के माध्यम से उनकी राजनीतिक और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की सुनियोजित कोशिश की गई।
सांसद ने अपने शिकायती पत्र में कहा है कि यह केवल व्यक्तिगत हमला नहीं, बल्कि एक निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधि की गरिमा को ठेस पहुंचाने और जनता के बीच उनकी छवि खराब करने की साजिश है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, साइबर क्राइम थाना जौनपुर ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एफआईआर में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने, मानहानि, अश्लील एवं भ्रामक कंटेंट साझा करने और साइबर अपराध से संबंधित धाराएं शामिल हैं।
शिकायत में जिन सोशल मीडिया अकाउंट्स और लिंक्स का उल्लेख किया गया है, उनके स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे गए हैं। साइबर सेल अब संबंधित अकाउंट्स की तकनीकी जांच कर पोस्ट अपलोड करने वालों की पहचान करने में जुट गई है।
सांसद प्रिया सरोज ने कहा कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल अभिव्यक्ति के लिए होना चाहिए, न कि किसी की प्रतिष्ठा खराब करने के लिए। उन्होंने एआई तकनीक का दुरुपयोग कर फर्जी तस्वीरें बनाने और उन्हें वायरल करने को गंभीर अपराध बताया। सांसद ने ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न कर सके।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें