दीपक श्रीवास्तव
नीट पेपर लीक के विरोध मे एआई डीएसओ और एआईडीआईओ का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा 6 सूत्रीय ज्ञापन
जौनपुर,16 मई । यूपी के जौनपुर में नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले को लेकर शुक्रवार को ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन और ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक यूथ ऑर्गेनाइजेशन ने बदलापुर तहसील क्षेत्र में संयुक्त रूप से विरोध प्रदर्शन किया। संगठनों ने राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने, पेपर लीक के दोषियों को कड़ी सजा देने तथा राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी को समाप्त करने की मांग उठाई।
देशव्यापी विरोध सप्ताह के तहत आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने बदलापुर सब्जी मंडी स्थित संगठन कार्यालय से जुलूस निकाला, जो इंदिरा चौक होते हुए तहसील परिसर पहुंचा। यहां प्रदर्शन के बाद महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित 6 सूत्रीय ज्ञापन तहसीलदार बदलापुर को सौंपा गया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि राजस्थान में नीट यूजी 2026 प्रश्नपत्र लीक के आरोपों और सीबीआई जांच के आदेश ने केंद्रीकृत परीक्षा प्रणाली की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक, हेरफेर और भ्रष्टाचार से छात्रों और अभिभावकों का परीक्षा प्रणाली से विश्वास उठता जा रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि मौजूदा परीक्षा व्यवस्था कोचिंग उद्योग और शिक्षा के निजीकरण को बढ़ावा दे रही है, जिससे छात्रों पर मानसिक और आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने निष्पक्ष और विश्वसनीय परीक्षा प्रणाली के लिए व्यापक छात्र आंदोलन की जरूरत बताई।
कार्यक्रम को ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन
जिलाध्यक्ष इन्दुकुमार शुक्ल, ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक यूथ ऑर्गेनाइजेशन के राज्य सचिव दिलीप कुमार तथा अभिभावक प्रमोद कुमार शुक्ल ने संबोधित किया। संचालन संतोष प्रजापति ने किया। इस दौरान रामकुमार यादव, राजबहादुर विश्वकर्मा, यशवंत राव, अंजली सरोज, पूनम प्रजापति, साधना, रोशनी, एकता खरवार, राकेश निषाद सहित बड़ी संख्या में छात्र-युवा मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें