दीपक श्रीवास्तव
कांग्रेस हताश होकर प्रधानमंत्री का अपमान कर रही, 2027 में सपा होगी साफ : गिरीश चंद्र यादव
जौनपुर, 23 मई । यूपी के जौनपुर में शनिवार को पत्रकारों से बात करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के बयान पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस पूरी तरह हताश हो चुकी है और प्रधानमंत्री का अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संसदीय मर्यादा का पालन आवश्यक है और असंसदीय भाषा का प्रयोग निंदनीय है।
राज्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार असंसदीय भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि अजय राय द्वारा प्रधानमंत्री के खिलाफ की गई टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है और उन्हें इसके लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने बिहार का उदाहरण देते हुए कहा कि जब प्रधानमंत्री की मां के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था, तब बिहार की जनता ने चुनाव में उसका जवाब दिया था। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता भी संसदीय मर्यादा का उल्लंघन करने वालों को उचित जवाब देगी।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि सत्ता में रहते हुए वह कोई प्रभावी बोर्ड तक नहीं बना पाए और जनता को राहत देने में विफल रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार व्यापारी कल्याण बोर्ड का गठन कर चुकी है और उसमें सदस्यों की नियुक्ति भी कर दी गई है।
उन्होंने अखिलेश यादव को “हताश और निराश” बताते हुए कहा कि उन्हें सत्ता विरासत में मिली थी, जनता का वास्तविक जनादेश नहीं। राज्यमंत्री ने 2014 लोकसभा चुनाव, 2017 विधानसभा चुनाव और बसपा-सपा गठबंधन का जिक्र करते हुए कहा कि हर चुनाव में भाजपा को जनता का समर्थन मिला है, जो पार्टी की विचारधारा और नीतियों पर जनता के विश्वास का प्रमाण है।
उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी प्रदेश की राजनीति से पूरी तरह साफ हो जाएगी।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें