दीपक श्रीवास्तव
जौनपुर में अनुदेशकों का सम्मान, बढ़े मानदेय के 17 हजार रुपये के प्रतीकात्मक चेक वितरित
जौनपुर,17 मई । यूपी के जौनपुर में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में अंशकालिक अनुदेशक सम्मान एवं मानदेय वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव, विधायक डॉ. आर. के. पटेल, विधायक रमेश चंद्र मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति तथा जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया।
मुख्य अतिथि गिरीश चंद्र यादव ने अंशकालिक अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय 17 हजार रुपये के प्रतीकात्मक चेक वितरित कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों और अनुदेशकों के सम्मान व हितों के प्रति संवेदनशील है तथा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अनुदेशकों की मेहनत और समर्पण को देखते हुए सरकार ने उनका मानदेय बढ़ाने का निर्णय लिया है।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों में देशभक्ति, शिक्षा और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।
समारोह में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा निपुण भारत मिशन, समग्र शिक्षा अभियान, स्मार्ट क्लास, डिजिटल शिक्षा, छात्रवृत्ति योजना और पुस्तक वितरण जैसी योजनाओं पर आधारित स्टॉल भी लगाए गए। अतिथियों ने स्टॉलों का अवलोकन कर विभागीय प्रयासों की सराहना की और शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें