नवीन सत्र पर प्राथमिक विद्यालय कुल्हनमऊ खास में अभिभावक सम्मान समारोह आयोजित

दीपक श्रीवास्तव 
नवीन सत्र पर प्राथमिक विद्यालय कुल्हनमऊ खास में अभिभावक सम्मान समारोह आयोजित

जौनपुर। नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर प्राथमिक विद्यालय कुल्हनमऊ खास में 2 अप्रैल 2026 को अभिभावक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना तथा बच्चों के नामांकन को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक ग्राम विकास अधिकारी कृष्ण कुमार मिश्रा रहे। उन्होंने स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया और मौके पर ही कुछ नए छात्रों का नामांकन भी कराया। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुई। बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि के हाथों प्रत्येक कक्षा के मेधावी छात्रों को उनका परीक्षा परिणाम और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में कृष्ण कुमार मिश्रा ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का नामांकन सरकारी विद्यालयों में कराएं और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजें। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है।
इस अवसर पर ग्राम वार्ड सदस्य वीरेंद्र यादव तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अनंत यादव भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सक्रिय अभिभावकों को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रधानाध्यापिका श्रीमती प्रीति राय के नेतृत्व में विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम को सफल बनाया। शिक्षिकाएं सिंधुजा श्रीवास्तव, नीलम चौहान, अर्चना यादव, शिक्षक रामकृष्ण यादव तथा संचालन कर रहीं विभा पांडेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम में एसएमसी सदस्यों, रसोइयों और बड़ी संख्या में ग्रामवासियों की उपस्थिति रही। अंत में मुख्य अतिथि ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए कार्यक्रम की सराहना की।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ