दीपक श्रीवास्तव
दिव्यांग बच्चों ने युद्ध रोकने की अपील की दिया वसुधैव कुटुंबकम का संदेश
जौनपुर में नगर के रूहट्टा स्थित राजेश स्नेह ट्रस्ट ऑफ एजुकेशन के दिव्यांग बच्चों ने अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध को रोकने की अपील की। बच्चों ने वैश्विक आयात-निर्यात को सुगम बनाए रखने और विश्व शांति के लिए यह संदेश दिया।
संस्था के प्रबंधक और समाजसेवी डॉ. राजेश ने बताया कि इस युद्ध से केवल तीन संबंधित देश ही नहीं, बल्कि पूरा विश्व प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि युद्ध के कारण अन्य देशों में महंगाई बढ़ गई है, पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति में कमी आई है, और लगातार बमबारी से रिहायशी इमारतें, स्कूल व अस्पताल धराशायी हो रहे हैं।
डॉ. राजेश ने बेरोजगारी और लोगों के पलायन जैसी समस्याओं का भी जिक्र किया। उन्होंने हिरोशिमा और नागासाकी जैसी भयावह स्थिति से बचने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसी संदर्भ में, दिव्यांग बच्चों ने 'वसुधैव कुटुंबकम' की भावना से काम करने और युद्ध रोकने की अपील की। उन्होंने युद्ध में मारे गए सैनिकों, छात्रों और आम नागरिकों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन भी रखा।
विशेष शिक्षिका हेमू वर्मा ने कहा कि किसी भी देश को अपने फायदे या इच्छा पूरी करने के लिए किसी अन्य राष्ट्र को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहिए। उन्होंने 'वसुधैव कुटुंबकम' की भावना के साथ काम करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर विशेष शिक्षिका हेमू वर्मा, प्रवेश गुप्ता और डॉ. राजेश गुप्ता सहित कई लोग उपस्थित थे।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें