दीपक श्रीवास्तव
जौनपुर पुलिस लाइन में रिक्रूट आरक्षियों के साथ ‘बड़ा खाना’, अधिकारियों ने बढ़ाया मनोबल
जौनपुर। रिजर्व पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में रविवार रात दीक्षांत परेड से पूर्व रिक्रूट आरक्षियों के लिए ‘बड़ा खाना’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित कई पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षण पूर्ण कर रहे आरक्षियों का उत्साहवर्धन करना और उन्हें आगामी जिम्मेदारियों के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने रिक्रूट आरक्षियों से सीधा संवाद स्थापित किया और उनके लगभग 11 माह के कठिन, अनुशासित और समर्पित प्रशिक्षण की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण केवल शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक और नैतिक रूप से भी उन्हें सशक्त बनाता है। अधिकारियों ने आरक्षियों को भविष्य में अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करने की सीख दी।
अधिकारियों ने अपने सेवा अनुभव साझा करते हुए पुलिस विभाग के मूल्यों, कर्तव्यपरायणता और जनसेवा की भावना को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि एक पुलिसकर्मी का आचरण ही उसकी पहचान बनाता है और जनता का विश्वास सबसे बड़ी पूंजी होती है।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण तब रहा जब अधिकारियों ने स्वयं रिक्रूट आरक्षियों को भोजन परोसा। इस पहल से जवानों में विशेष उत्साह और आत्मीयता का वातावरण देखने को मिला। सभी अधिकारियों और आरक्षियों ने एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया, जिससे आपसी समन्वय, सौहार्द और टीम भावना को और मजबूती मिली।
उल्लेखनीय है कि कठोर प्रशिक्षण पूरा करने के बाद ये रिक्रूट आरक्षी जल्द ही आयोजित होने वाली पासिंग आउट परेड में शामिल होकर उत्तर प्रदेश पुलिस का हिस्सा बनेंगे। वे जनसेवा, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने में अहम भूमिका निभाएंगे।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें