दीपक श्रीवास्तव
सपा अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बने अनवारूल हक गुड्डू, जौनपुर में हुआ स्वागत
जौनपुर,19 अप्रैल । यूपी के जौनपुर में समाजवादी पार्टी में संगठनात्मक विस्तार के तहत जनपद के वरिष्ठ नेता अनवारूल हक गुड्डू को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। अखिलेश यादव के नेतृत्व और प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के निर्देश पर समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना इक़बाल कादरी ने उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोनीत किया है।
इस मनोनयन की खबर मिलते ही जौनपुर में सपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। रविवार को अनवारूल हक गुड्डू के जनपद आगमन पर सपा जिला कार्यालय पर स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया।
समारोह में जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने बुके और माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने क्रमवार माल्यार्पण कर उन्हें बधाई दी। अपने संबोधन में अनवारूल हक गुड्डू ने कहा कि वे मिली जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और गरिमा के साथ निभाएंगे तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे। उन्होंने अल्पसंख्यक समाज की आवाज़ बनकर उनके अधिकारों की रक्षा करने का भी संकल्प लिया और शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया।
जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि गुड्डू लंबे समय से पार्टी को मजबूत करने में सक्रिय रहे हैं और उनके नेतृत्व में संगठन को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में पूर्व विधायक लालबहादुर यादव, प्रदेश सचिव हिसामुद्दीन शाह सहित कई नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें