बीआरपी इंटर कॉलेज में भव्य विदाई समारोह, दो कर्मियों को भावभीनी विदाई

दीपक श्रीवास्तव 
बीआरपी इंटर कॉलेज में भव्य विदाई समारोह, दो कर्मियों को भावभीनी विदाई
जौनपुर। बीआरपी इंटर कॉलेज के मुक्तेश्वर प्रसाद सभागार में शनिवार को वरिष्ठ शिक्षक जगत प्रकाश श्रीवास्तव एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी मायाराम यादव के सेवानिवृत्ति उपरांत भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम भावनात्मक माहौल के बीच सम्पन्न हुआ, जिसमें विद्यालय परिवार ने दोनों कर्मियों के योगदान को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य डॉ. प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि जगत प्रकाश श्रीवास्तव एक समर्पित, शालीन और विद्यार्थियों के प्रति सजग रहने वाले आदर्श शिक्षक रहे हैं। उनका निष्कलंक व्यक्तित्व और सरल स्वभाव सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तित्व का विद्यालय से विदा होना अत्यंत भावुक क्षण है।
वहीं, मायाराम यादव के कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि वे कर्मठ, जुझारू और पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करने वाले कर्मचारी रहे हैं। विद्यालय के हर कार्य को उन्होंने जिम्मेदारी के साथ पूरा किया और उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।
इस अवसर पर दोनों सेवानिवृत्त कर्मियों को फूलमाला, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित शिक्षकों और कर्मचारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी।
कार्यक्रम का संचालन अजीत कुमार ने किया। इस दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ