दीपक श्रीवास्तव
मायके से आने के घंटे भर बाद ही विवाहिता ने खाया विषाक्त पदार्थ, उपचार के दौरान मौत
जौनपुर।गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के खटोलिया गांव निवासी एक विवाहिता द्वारा मायके प्रेमापुर से ससुराल खटोलिया लौटने के महज एक घंटे बाद ही विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लेने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। उपचार के दौरान विवाहिता की मौत हो गई, जिससे परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, खटोलिया निवासी आंचल मिश्रा (20 वर्ष) पत्नी शिवम मिश्रा मंगलवार को ही सुबह लगभग दस बजे अपने मायके से भाई के साथ ससुराल खटोलिया वापस आई थी। आंचल का भाई अरविंद उपाध्याय उसे ससुराल छोड़कर तुरंत वापस चला गया था। अभी उसे आए एक घंटा भी नहीं बीता था कि आंचल ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। थोड़ी देर के बाद ससुर बेचन मिश्रा की नजर आंचल के कमरे पर पड़ी तो वह फर्श पर अचेत पड़ी थी तथा मुंह से झाग निकल रहा था। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए ले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने हालत गंभीर देखकर उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया परंतु सूचना पर पहुंचे भाई अरविंद उपाध्याय ने उसे निजी चिकित्सक बीएस उपाध्याय के यहां भर्ती करवाया जहां उसने दम तोड़ दिया। मृतका का पति शिवम मिश्रा रोजी-रोजगार के सिलसिले में मुंबई में रहता है। घर पर उसकी सास का पहले ही देहांत हो चुका है और वह अपने ससुर बेचन मिश्रा और एक छोटी ननद के साथ रहती थी। मायके से आने के तुरंत बाद आंचल मिश्रा द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। फिलहाल मामले को लेकर अभी थाने में किसी प्रकार की तहरीर नहीं दी गई है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें