जौनपुर में खेल भावना की जीत, पत्रकारों के मैत्री मैच ने जीता दिल

दीपक श्रीवास्तव 
जौनपुर में खेल भावना की जीत, पत्रकारों के मैत्री मैच ने जीता दिल

जौनपुर। जौनपुर जर्नलिस्ट क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों के बीच शिया कॉलेज मैदान पर एक रोमांचक मैत्री क्रिकेट मैच खेला गया। मैच में जहां खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, वहीं आपसी सौहार्द और भाईचारे की भावना भी देखने को मिली।
प्रिंट मीडिया टीम के कप्तान सुजीत शुक्ला ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 12 ओवर के मैच में प्रिंट मीडिया की टीम 11.2 ओवर में 106 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से संदीप यादव ने सर्वाधिक 44 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया टीम ने कप्तान राजन मिश्रा के नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन किया। ओपनर बल्लेबाज आलोक सिंह और सुशील तिवारी ने तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए महज चार ओवर में 82 रन जोड़ दिए। इसके बाद टीम ने 6 ओवर में ही एक विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर 9 विकेट से जीत दर्ज की।
प्रिंट मीडिया टीम में अंकुर शुक्ला, संदीप यादव, अंबुज मिश्रा, बेलाल हुसैन, मुहम्मद राफे, तबरेज अहमद, अरशद, अनिल अस्थाना,अवधेश यादव, अमरदीप और मुकेश शामिल रहे। वहीं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया टीम में देवेंद्र खरे, जावेद अहमद, सुशील तिवारी, मसूद अहमद, आलोक सिंह, मनीष सिंह, इमरान, आबिश इमाम, अंकित जायसवाल और विनय ने हिस्सा लिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार अखिलेश सिंह, संजय अस्थाना, इजहार हुसैन, भोले विश्वकर्मा, असलम तथा कोच मो. अब्बास ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
मैच के अंत में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को बधाई दी और खेल भावना के साथ आपसी सामंजस्य एवं मित्रता का संदेश दिया।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ