दीपक श्रीवास्तव
जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर बैठक, 10 हजार से अधिक कर्मियों का होगा प्रशिक्षण
जौनपुर । यूपी के जौनपुर में भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण की तैयारियों के तहत कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार शाम जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्य को समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की सीएमएमएस पोर्टल पर यूजर आईडी बनवाने तथा उनके प्रशिक्षण बैच तैयार करने का कार्य तीन दिनों के भीतर पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
बैठक में बताया गया कि जनपद में 10 हजार से अधिक गणनाकर्मियों की नियुक्ति की जाएगी। इन सभी का प्रशिक्षण 16 अप्रैल से तहसील स्तर पर प्रस्तावित है। प्रशिक्षण में उन्हें जनगणना से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी और तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया जाएगा।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसे पूरी गंभीरता और निर्धारित समय सीमा के भीतर संपन्न करना जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) परमानंद झा, वरिष्ठ कोषाधिकारी उमाशंकर सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें