पुलिस विभाग के कंप्यूटर ऑपरेटर की बच्ची के सामने पिटाई, डेढ़ माह बाद भी हमलावर फरार

दीपक श्रीवास्तव 
पुलिस विभाग के कंप्यूटर ऑपरेटर की बच्ची के सामने पिटाई, डेढ़ माह बाद भी हमलावर फरार

जौनपुर,07 मार्च । यूपी के जौनपुर स्थित खुटहन क्षेत्र में पुलिस विभाग में कार्यरत एक कंप्यूटर ऑपरेटर के साथ उनकी मासूम बच्ची के सामने बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना को करीब डेढ़ माह बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
 पीड़ित अजय राजभर पुत्र स्व. हरिहर प्रसाद मूल रूप से अंबेडकरनगर जनपद के बनगांव गांव के निवासी हैं। वर्तमान में वह खुटहन थाने में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं और शाहगंज कस्बे की नई सुबह गली में अपने परिवार के साथ रहते हैं। 26 जनवरी की रात लगभग 8:15 बजे अजय अपनी छोटी बच्ची को गोद में लेकर गली में टहल रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक ने उन्हें देखकर अभद्र टिप्पणी कर दी।
अजय द्वारा विरोध जताने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगा और कुछ ही देर में अपने एक अन्य साथी को भी बुला लिया। इसके बाद दोनों ने मिलकर अजय पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान अजय की गोद से बच्ची गिरकर रोने लगी। अजय ने किसी तरह बच्ची को बचाने के लिए उसे अपने शरीर से ढंक लिया, लेकिन हमलावर लगातार लात-घूंसे बरसाते रहे।
पीड़ित के अनुसार जब उन्होंने बताया कि वह पुलिस विभाग में कार्यरत हैं तो हमलावर और उग्र हो गए और जान से मारने की धमकी देने लगे। इसी दौरान एक आरोपी बाइक से नुकीली लोहे की रॉड लेकर आया और अजय के सिर पर वार करने का प्रयास किया। हालांकि फिसलने के कारण वार जमीन पर लगा, लेकिन बाद में किसी ठोस वस्तु से उनके सिर पर प्रहार कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।
शोर सुनकर गली निवासी अश्वनी यादव मौके पर पहुंचे, जिन्हें देख हमलावर गाली-गलौज करते हुए और जानमाल की धमकी देते हुए बाइक से दादर पुल की ओर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पीआरवी ने आरोपियों की तलाश की, लेकिन वे हाथ नहीं आए। घटना के डेढ़ माह बाद भी गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार में आक्रोश है।वही इस मामले में क्षेत्राधिकारी शाहगंज अजीत सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है जाँच पड़ताल किया जा रहा जल्द ही कड़ी कार्यवाही होगी। आरोपितों की तलाश जारी है।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ