महिला आयोग सदस्य गीता बिन्द ने की जनसुनवाई, सात मामलों पर अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश


दीपक श्रीवास्तव 
महिला आयोग सदस्य गीता बिन्द ने की जनसुनवाई, सात मामलों पर अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश
जौनपुर, 14 मार्च । अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती गीता बिन्द ने महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों की सुनवाई के लिए जनसुनवाई का आयोजन किया। इस दौरान कुल सात प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिन्हें आवश्यक कार्यवाही के लिए संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित किया गया।
यह जनसुनवाई राष्ट्रीय महिला आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार 13 मार्च 2026 को जनपद जौनपुर के निरीक्षण भवन में आयोजित की गई। जनसुनवाई के दौरान महिलाओं से जुड़े विभिन्न मामलों को गंभीरता से सुना गया और संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी की ओर से नामित उप जिलाधिकारी (न्यायिक) मड़ियाहूं शिल्पी अयरन भी उपस्थित रहीं। इस दौरान आयोजित समीक्षा बैठक में उपमुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण कुमार यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी विजय कुमार पाण्डेय, सहायक श्रमायुक्त देवव्रत यादव, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा शोभा तिवारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी नगर अभिषेक द्विवेदी तथा बाल संरक्षण अधिकारी चन्दन राय सहित अन्य अधिकारियों ने भी भाग लिया।
जनसुनवाई के दौरान महिला आयोग की सदस्य ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए तथा पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ