दीपक श्रीवास्तव
प्रेमी से शादी की जिद में हाईटेंशन पोल पर चढ़ी युवती, तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने उतारा
जौनपुर, 12 मार्च यूपी के जौनपुर में शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के नटौली गांव में प्रेमी से शादी की जिद में एक युवती गुरुवार को हाईटेंशन बिजली के पोल पर चढ़ गई। युवती बार-बार अपने प्रेमी को बुलाने की मांग करती रही और कहती रही कि वह उससे बहुत प्यार करती है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा।
युवती का आजमगढ़ जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र के नंदाव गांव निवासी एक युवक से प्रेम संबंध था। परिजनों को इस रिश्ते की जानकारी होने के बाद उन्होंने इसका विरोध करना शुरू कर दिया।
बताया जाता है कि लगभग तीन महीने पहले युवती अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी। बाद में पुलिस ने दोनों को बरामद कर लिया था। युवती के परिजनों की शिकायत पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया और उसे जेल भेज दिया गया था।
हाल ही में युवक के जमानत पर रिहा होने की सूचना मिलने के बाद युवती ने उससे शादी करने की जिद पकड़ ली। हालांकि दोनों अलग-अलग समुदाय से होने के कारण परिजनों ने इस रिश्ते को स्वीकार करने से इनकार कर दिया।
परिजनों के विरोध से नाराज युवती बुधवार को गांव में लगे हाईटेंशन बिजली के पोल पर चढ़ गई और प्रेमी से शादी कराने की मांग करने लगी। गुरुवार को भी वह दोबारा उसी पोल पर चढ़ गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से युवती को समझाने का प्रयास किया।
करीब तीन घंटे तक चले प्रयास के बाद पुलिस ने जाल की मदद से युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया और उसे कोतवाली ले गई।इस मामले में शाहगंज कोतवाली प्रभारी किरण कुमार सिंह ने बताया कि युवती को सुरक्षित नीचे उतारकर कोतवाली लाया गया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें