अलविदा जुमे की नमाज शांतिपूर्ण संपन्न, सड़क पर नमाज न पढ़ने की अपील का दिखा व्यापक असर

दीपक श्रीवास्तव 
 अलविदा जुमे की नमाज शांतिपूर्ण संपन्न, सड़क पर नमाज न पढ़ने की अपील का दिखा व्यापक असर

जौनपुर, 20 मार्च । यूपी के जौनपुर में अलविदा जुमे की नमाज शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। पूरे शहर में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा और नमाज को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे।
प्रशासन द्वारा पूर्व में मुस्लिम धर्मगुरुओं से की गई अपील का व्यापक असर देखने को मिला। शासन के निर्देशों के अनुरूप लोगों ने सड़क पर नमाज अदा करने से परहेज किया, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रही। 
नमाज से पहले जिलाधिकारी डॉ दिनेश कुमार सिंह पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम,एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव,सहायक पुलिस अधीक्षक गोल्डी गुप्ता एवं सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह सहित भारी पुलिस बल ने शहर में सघन पेट्रोलिंग की। अटाला मस्जिद, बड़ी मस्जिद और शिया जामा मस्जिद समेत सभी प्रमुख नमाज स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। वही इस मामले में बात करते हुए 
सहायक पुलिस अधीक्षक गोल्डी गुप्ता ने बताया कि जुमे की नमाज पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय सूचना नहीं मिली। रमजान माह के मद्देनजर अलविदा जुम्मा और आगामी ईद की नमाज को लेकर पहले से ही व्यापक तैयारियां की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पूरे शहर को सेक्टर और जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में पुलिस अधिकारियों और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जो लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन का लक्ष्य आगामी ईद की नमाज को भी पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ