महिलाएं हर क्षेत्र में उपलब्धि का परचम लहरा रहीं : सीमा द्विवेदी

दीपक श्रीवास्तव 
महिलाएं हर क्षेत्र में उपलब्धि का परचम लहरा रहीं : सीमा द्विवेदी
उत्कृष्ट योगदान देने वाली 42 महिलाओं को मिला सम्मान


जौनपुर, । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में रविवार को महिला अध्ययन केंद्र/वूमेन सेल के तत्वावधान में “लैंगिक असमानता के प्रति जागरूकता” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला, सम्मान समारोह तथा विश्वविद्यालय के नवनिर्मित फायरिंग रेंज में छात्राओं के लिए शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 42 महिलाओं को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि सीमा द्विवेदी ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं और समाज को उन्हें उचित सम्मान व अवसर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के भीतर हर परिस्थिति से संघर्ष कर आगे बढ़ने की अद्भुत क्षमता होती है। उनके विचार छात्राओं एवं उपस्थित महिलाओं के लिए अत्यंत प्रेरणादायी रहे।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो वंदना सिंह के नेतृत्व में संस्थान में इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन सराहनीय है। इससे छात्राओं में न केवल शारीरिक क्षमता का विकास होता है, बल्कि मानसिक दृढ़ता और राष्ट्रसेवा की भावना भी मजबूत होती है।
इस अवसर पर कुलसचिव केश लाल तथा परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार ने एनसीसी कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में अनुशासन, परिश्रम और देशभक्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। यही सच्चे अर्थों में राष्ट्र सेवा का मार्ग है।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित शूटिंग प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में उजाला बिंद ने प्रथम, शालिनी भारती ने द्वितीय तथा मुस्कान मौर्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन तथा स्वागत एवं विषय प्रवर्तन महिला अध्ययन केंद्र की प्रभारी डॉ. जाह्नवी श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज और शैक्षणिक परिसर में महिलाओं के प्रति लैंगिक संवेदनशीलता को बढ़ावा देना तथा छात्राओं और महिलाओं को उनके अधिकारों, अवसरों और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना है।
कार्यशाला के दौरान लैंगिक असमानता से जुड़े मुद्दों पर रोल प्ले, संवाद और सहभागितापूर्ण गतिविधियों का आयोजन किया गया। साथ ही छात्राओं को आत्मरक्षा और आत्मविश्वास के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय के नवनिर्मित फायरिंग रेंज में एयर राइफल से शूटिंग प्रतियोगिता भी कराई गई। यह प्रतियोगिता 98 बटालियन एनसीसी, जौनपुर के मुख्य प्रशिक्षक सूबेदार संता बहादुर राणा, जीसीआई रुचि यादव तथा पीआई राजकुमार के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर एनसीसी प्रभारी डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय, डॉ. मनोज वत्स, श्याम तिवारी, प्रो. अखिलेश्वरी सिंह, डॉ. ममता सिंह, डॉ. मंजू, डॉ. संगीता, राकेश सिंह, विमल श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में छात्राएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ