दीपक श्रीवास्तव
ग्रेजुएशन डे पर छात्रों को मिला प्रेरणा संदेश, मंत्री गिरीश यादव बोले– नशा छोड़ें, खेल अपनाएं
जौनपुर। हमाम दरवाजा स्थित डालिम्स सनबीम स्कूल में ग्रेजुएशन डे समारोह का आयोजन उत्साह और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. अब्दुल कादिर खान ने की, जबकि सनबीम वाराणसी की चेयरपर्सन पूजा मधोक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कार्यक्रम को संबोधित किया।
अपने संबोधन में मंत्री गिरीश यादव ने युवाओं को नशे से दूर रहने और खेलकूद को जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के भविष्य को नष्ट करता है, जबकि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुई, जिसमें उन्हें पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट किए गए। इस अवसर पर कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
विशिष्ट अतिथि पूजा मधोक ने अपने विचार रखते हुए कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और सकारात्मक सोच भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्रों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
अध्यक्ष डॉ. अब्दुल कादिर खान ने विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और सदाचार के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और शिक्षा को सफलता की कुंजी बताया।
कार्यक्रम के अंत में प्रिंसिपल डॉ. अलका गुप्ता ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनों का धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह का संचालन फातिमा ने किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सदस्य और गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें