दीपक श्रीवास्तव
जौनपुर के चिकित्सकों का ग्लोबल कीर्तिमान, ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में दर्ज हुई भागीदारी
डॉ. रुचिरा सेठी और डॉ. आदर्श यादव सम्मानित, डिजिटल हेल्थ मिशन को मिली नई दिशा
जौनपुर, 24 मार्च । यूपी के जौनपुर के चिकित्सकों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए जिले का मान बढ़ाया है। उमानाथ सिंह स्वायत्तशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (यूएनएस एएसएमसी) की चीफ प्रॉक्टर डॉ. रुचिरा सेठी और असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आदर्श कुमार यादव ने Guinness World Records में दर्ज एक वैश्विक सत्र का हिस्सा बनकर चिकित्सा क्षेत्र में नई पहचान बनाई है।
यह उपलब्धि National Board of Examinations in Medical Sciences (एनबीईएमएस) द्वारा आयोजित ‘एआई इन हेल्थकेयर’ विषयक विशेष सत्र से जुड़ी है। इस सत्र को विश्वभर में एक साथ 17,999 दर्शकों ने लाइव देखा, जिसे “हेल्थकेयर लेसन की सबसे बड़ी लाइव स्ट्रीम” के रूप में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान प्राप्त हुआ।
यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ अभियान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के तकनीकी रूप से सक्षम उत्तर प्रदेश के विजन के अनुरूप मानी जा रही है। स्वास्थ्य सेवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग से आम लोगों को बेहतर और सटीक इलाज उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स द्वारा प्रदत्त मेडल और प्रमाणपत्र प्राप्त होने पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) आर.बी. कमल ने दोनों चिकित्सकों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह संस्थान के लिए गर्व का विषय है और इससे जौनपुर की चिकित्सा सेवाओं को वैश्विक पहचान मिलेगी।
डॉ. रुचिरा सेठी और डॉ. आदर्श यादव ने इस उपलब्धि का श्रेय सरकार की नीतियों और संस्थान के मार्गदर्शन को देते हुए भविष्य में तकनीक आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें