दीपक श्रीवास्तव
रिठी गांव में सादे कपड़ों में पहुंची महाराष्ट्र पुलिस को ग्रामीणों ने समझा संदिग्ध, मारपीट के बाद खेतों में छिपे जवान
जौनपुर। यूपी के जौनपुर में सिकरारा थाना क्षेत्र के रिठी गांव में गुरुवार रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब सादे कपड़ों में पहुंचे तीन युवकों को ग्रामीणों ने संदिग्ध समझ लिया। बाद में पता चला कि वे महाराष्ट्र पुलिस के जवान थे, जो एक आरोपी की तलाश में यहां पहुंचे थे।
मछलीशहर निवासी अवधेश सिंह का महाराष्ट्र में पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके संबंध में वहां एफआईआर दर्ज की गई थी। जांच के दौरान मोबाइल लोकेशन जौनपुर के रिठी गांव की मिली, जहां आरोपी की रिश्तेदारी बताई गई। गुरुवार रात करीब 8 बजे महाराष्ट्र पुलिस के तीन जवान सादे कपड़ों में गांव पहुंचे और संदिग्ध घर में प्रवेश कर गए। अचानक अजनबी लोगों को देख परिजनों ने शोर मचा दिया। शोर सुनते ही ग्रामीण लाठी-डंडों के साथ मौके पर जुट गए और तीनों को संदिग्ध मानकर मारपीट शुरू कर दी।
स्थिति बिगड़ते देख पुलिसकर्मी किसी तरह अपनी जान बचाकर पास के खेतों में छिप गए और बाद में सिकरारा थाना को फोन कर मदद मांगी। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने मामले की जांच की, जिसमें पुष्टि हुई कि तीनों युवक महाराष्ट्र पुलिस के जवान हैं।
बताया गया कि पुलिसकर्मी अपना पहचान पत्र गाड़ी में ही छोड़ गए थे, जिससे ग्रामीणों को संदेह हुआ। इस बीच आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने तीनों जवानों को सुरक्षित थाने लाकर आवश्यक कार्रवाई के बाद वापस भेज दिया।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें