दीपक श्रीवास्तव
आयतुल्लाह खामेनेई के निधन की खबर पर उबाल, हजारों शिया समुदाय के लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन
जौनपुर,01 मार्च । यूपी के जौनपुर में ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई के निधन की खबर सामने आते ही शिया समुदाय के लोगों में गहरा आक्रोश देखने को मिला। खबर मिलते ही रविवार को हजारों की संख्या में पुरुषों और महिलाओं ने शहर के कल्लू के इमामबाड़ा पहुंचकर शोकसभा आयोजित की और अमेरिका व इजरायल के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
इमामबाड़ा परिसर और आसपास का इलाका लोगों की भारी भीड़ से भर गया। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका और इजरायल के खिलाफ नारेबाजी की। महिलाओं की भी बड़ी संख्या में मौजूदगी ने इस प्रदर्शन को और व्यापक बना दिया। लोगों के चेहरे पर गुस्सा और आंखों में दुख साफ झलक रहा था।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शिया समुदाय आयतुल्लाह अली खामेनेई को अपना रहबर (धार्मिक मार्गदर्शक) मानता था और उनके बताए रास्ते पर चलना अपना कर्तव्य समझता था। उनके निधन को लेकर समुदाय में गहरा शोक और आक्रोश है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान “अमेरिका मुर्दाबाद” और “इजरायल मुर्दाबाद” के नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने इसे अमन और इंसाफ के खिलाफ कदम बताते हुए कहा कि इस घटना ने पूरी दुनिया के सामने सच्चाई उजागर कर दी है। साथ ही अमन पसंद लोगों से अपील की गई कि वे अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने में उनका साथ दें।
इस दौरान शिया धर्मगुरु मौलाना मोहम्मद रज़ा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जिस तरह से हमला कर इस घटना को अंजाम दिया गया है, उससे पूरी दुनिया में आक्रोश है। उन्होंने इसे इंसानियत के खिलाफ कदम बताते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन भी मौके पर मौजूद रहा और स्थिति पर नजर बनाए रखी। हालांकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अंत में समुदाय के लोगों ने दिवंगत नेता की मग़फिरत के लिए दुआ की और एकजुटता बनाए रखने का संकल्प लिया। वही इस घटना पर अपनी नाराजगी जताते हुए मौलाना मोहम्मद रज़ा (शिया धर्मगुरु)ने कहा कि
“आज जिस तरह से अमेरिका ने अपने आतंकवादी तरीके से हमला कर हमारे रहबर आयतुल्लाह अली खामेनेई को निशाना बनाया है, उससे पूरी दुनिया में उनका चेहरा बेनकाब हो गया है। हम अमन पसंद लोग हैं, लेकिन ज़ुल्म के खिलाफ आवाज़ उठाना हमारा हक़ है।”
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें