दीपक श्रीवास्तव
एक शिक्षक दिशा देता है, लेकिन एक अधिकारी समाज में व्यापक बदलाव ला सकता है: राजिता सिंह
जौनपुर की बेटी राजिता सिंह ने PCS 2024 में पाई सफलता, जिले का बढ़ाया मान
जौनपुर,30 मार्च । यूपी के जौनपुर की प्रतिभाशाली बेटियों ने एक बार फिर अपनी मेहनत और लगन से सफलता का परचम लहराया है। सोमवार को जारी हुए रिजल्ट में केराकत तहसील क्षेत्र के हुरहुरी गांव की निवासी राजिता सिंह ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (PCS) 2024 परीक्षा में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
राजिता सिंह, एसडी पब्लिक स्कूल हुरहुरी की संचालिका रेखा सिंह की पुत्री हैं। उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास के बल पर यह मुकाम हासिल किया। उनकी सफलता से न केवल परिवार बल्कि पूरे जौनपुर जनपद में उत्साह की लहर दौड़ गई है। गांव और आसपास के क्षेत्रों में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
राजिता ने अपनी सफलता का श्रेय भगवान, माता-पिता, गुरु और परिवार को दिया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य समाज की सेवा करना है। उन्होंने बताया कि उनके परिवार में शिक्षा का माहौल रहा है, जिससे उन्हें हमेशा सही मार्गदर्शन मिला। राजिता ने कहा कि एक शिक्षक दिशा देता है, लेकिन एक अधिकारी समाज में व्यापक बदलाव ला सकता है, यही सोच उन्हें इस सेवा में लेकर आई।
उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने यूपीएससी की परीक्षा भी दी थी, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने पीसीएस की तैयारी पर ध्यान केंद्रित किया और इंटरव्यू के बाद सफलता हासिल की। उन्होंने युवाओं, खासकर बेटियों से अपील की कि जब भी अवसर मिले, उसे पूरी मेहनत से अपनाएं और आगे बढ़ें।
राजिता के पिता डॉ.राजेश सिंह और माता रेखा सिंह ने बेटी की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना जरूरी है। यह उपलब्धि न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे गांव और जिले के लिए गर्व का क्षण है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें