दीपक श्रीवास्तव
महाराजा निषाद राज जयंती पर भव्य आयोजन, मातृशक्ति का हुआ सम्मान
जौनपुर 24 मार्च।महाराजा निषाद राज जयंती 2026 (चैत्र शुक्ल पंचमी) के पावन अवसर पर गंगा समग्र, जनपद जौनपुर (काशी प्रान्त) द्वारा अशोका वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, जमालपुर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में निषाद समाज से आई मातृशक्ति का सम्मान कर उन्हें समाज में उनके योगदान के लिए सराहा गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रयागराज केंद्रीय कार्यालय से आए क्षेत्रीय संगठन मंत्री संजय जी ने महाराजा निषाद राज गुह्य के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि त्रेतायुग में भगवान श्रीराम के धर्म स्थापना कार्य में निषादराज गुह्य का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने निषादराज को सेवा, समर्पण और सामाजिक समरसता का प्रतीक बताते हुए समाज में एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
संजय जी ने कहा कि सभ्यता का विकास सदैव नदियों के किनारे हुआ है और निषाद समाज सदियों से माँ गंगा एवं उनकी सहायक नदियों का संरक्षक रहा है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आधुनिक विकास की अंधी दौड़ में नदियां प्रदूषित और जीर्ण-शीर्ण होती जा रही हैं। इस पर नियंत्रण के लिए उन्होंने निषाद समाज से अपील की कि वे नदियों के किनारे ‘गंगा ग्राम’ विकसित करें और जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करें।
कार्यक्रम में निषाद समाज के प्रतिनिधि रंगीले निषाद ने भी समाज की ओर से इस पुनीत कार्य में पूर्ण सहयोग का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम का संचालन प्रांत सह-संयोजक डॉ. अभिषेक कुमार श्रीवास्तव ने किया।
इस अवसर पर गोमती को अविरल और निर्मल बनाने में सहयोग देने वाली मातृशक्ति को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भृगुनाथ पाठक,दीपक श्रीवास्तव पत्रकार (संचार आयाम प्रमुख), अवनीश उपाध्याय, अतुल कुमार सिंह, अतुल कुमार जायसवाल, अवधेश गिरी, डॉ. अनिल सिंह, डॉ. कमलेश निषाद एवं सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें