दीपक श्रीवास्तव
सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदर्शनी व सांस्कृतिक कार्यक्रम, उपलब्धियों का किया गया प्रदर्शन
जौनपुर में प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में एक प्रदर्शनी, गोष्ठी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्यम और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में सरकार की प्रमुख उपलब्धियों को प्रदर्शित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह और जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया। प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान, अतिथियों ने विभागवार जानकारी प्राप्त की और अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्रम और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। टी.डी. कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया।सूचना विभाग से पंजीकृत कलाकार अशोक कुमार यादव और सोनम सरोज की टीम ने लोकगीतों के माध्यम से शासन की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया। कस्तूरबा गांधी विद्यालय करंजाकला और टी.डी. कॉलेज की छात्राओं ने भी आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में सर्वांगीण और समावेशी विकास सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने बताया कि शासन की योजनाओं को पूर्ण पारदर्शिता के साथ संचालित करते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाया जा रहा है। साथ ही, प्रदेश में सुदृढ़ कानून-व्यवस्था स्थापित कर आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया गया है।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि विगत नौ वर्षों में प्रदेश सरकार द्वारा सुशासन और विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त की गई हैं। उन्होंने जौनपुर जनपद में आधारभूत संरचनाओं के विकास का उल्लेख किया, जिसके तहत विभिन्न बाईपास निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। इससे विशेष रूप से मुगराबादशाहपुर क्षेत्र में यातायात जाम की समस्या से शीघ्र निजात मिलेगी।पर्यटन विकास के अंतर्गत घाटों का निर्माण कराया गया है, जहां छठ पर्व के अवसर पर भव्य दृश्य देखने को मिलता है। जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि सामाजिक सुरक्षा के अंतर्गत दिव्यांग, विधवा और वृद्धावस्था पेंशन योजनाओं का लाभ व्यापक स्तर पर प्रदान किया जा रहा है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें