दीपक श्रीवास्तव
होली और रमजान को लेकर जौनपुर में विशेष सुरक्षा व्यवस्था, जनपद 7 सुपरजोन, 28 जोन व 161 सेक्टर में विभाजित
जौनपुर। शासन के निर्देशों के क्रम में रंगभरी होली तथा रमजान माह की नमाज को सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर पूरे जनपद को 7 सुपरजोन, 28 जोन और 161 सेक्टर में विभाजित करते हुए प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
प्रशासन द्वारा तैयार की गई इस रणनीति के तहत प्रत्येक सुपरजोन, जोन और सेक्टर में नामित प्रभारी अधिकारियों को स्पष्ट जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे आगामी त्योहारों के मद्देनजर जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें और अपने-अपने क्षेत्रों में संयुक्त रूप से सतत भ्रमणशील रहें।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने, स्थानीय नागरिकों से संवाद बनाए रखने और किसी भी संभावित विवाद की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें