साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई 240 गुमशुदा मोबाइल बरामद, 56 लाख की संपत्ति मालिकों को सौंपी

दीपक श्रीवास्तव 
साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई 240 गुमशुदा मोबाइल बरामद, 56 लाख की संपत्ति मालिकों को सौंपी

जौनपुर,31मार्च। यूपी के जौनपुर में साइबर क्राइम सेल ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 240 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया। बरामद किए गए मोबाइलों की कुल बाजार कीमत लगभग 56 लाख रुपये आंकी गई है। इस सराहनीय पहल से मोबाइल धारकों के चेहरे पर खुशी साफ झलकती नजर आई। 
मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि गुमशुदा मोबाइलों से संबंधित प्रार्थना पत्रों और सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर साइबर क्राइम थाना जौनपुर की टीम ने तकनीकी सहायता से इन मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया। उन्होंने बताया कि ये मोबाइल केवल जौनपुर जनपद ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के आजमगढ़, वाराणसी, सुल्तानपुर, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, बलिया, प्रतापगढ़ और भदोही समेत अन्य जिलों से भी प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा कुछ मोबाइल दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, बिहार और राजस्थान जैसे राज्यों से भी बरामद किए गए।
बरामद मोबाइलों में प्रमुख रूप से वन प्लस, वीवो, रेडमी, ओप्पो, रियलमी, टेक्नो, पोको, नोकिया और सैमसंग कंपनियों के फोन शामिल हैं। अब तक साइबर क्राइम सेल द्वारा करीब 1400 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को सुपुर्द किए जा चुके हैं।
एसपी सिटी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में सबसे पहले संबंधित थाने में गुमशुदगी दर्ज कराएं और तत्पश्चात सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत जरूर करें। उन्होंने साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता को बेहद जरूरी बताया। साथ ही सलाह दी कि किसी भी साइबर अपराध का शिकार होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा नजदीकी थाने की साइबर हेल्पडेस्क पर जाकर भी लिखित शिकायत की जा सकती है।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ