जौनपुर में एसआई भर्ती परीक्षा शुरू, 19 केंद्रों पर कड़ी निगरानी के बीच हो रही परीक्षा

दीपक श्रीवास्तव 
जौनपुर में एसआई भर्ती परीक्षा शुरू, 19 केंद्रों पर कड़ी निगरानी के बीच हो रही परीक्षा

जौनपुर, 14 मार्च। यूपी के जौनपुर में उप निरीक्षक (एसआई) पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा शनिवार से शुरू हो गई। परीक्षा 14 और 15 मार्च को जिले के 19 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की जा रही है।
परीक्षा दो दिनों तक चार पालियों में संपन्न होगी। प्रत्येक दिन दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में 7,920 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। जिले में 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 19 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 19 केंद्र व्यवस्थापक तथा लगभग 700 कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई है। नगर के टीडी कॉलेज सहित सभी परीक्षा केंद्रों पर सुबह 8 बजे से ही अभ्यर्थियों की सघन जांच की जा रही है।
परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों के जूते, मोजे, शर्ट के कॉलर और बाहों की जांच की जा रही है। साथ ही घड़ी, रुद्राक्ष माला सहित अन्य वस्तुएं उतरवाकर ही प्रवेश दिया जा रहा है। महिला अभ्यर्थियों के आभूषणों, यहां तक कि चूड़ियों तक की भी जांच की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की नकल की संभावना न रहे।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली जाए, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाए, पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए तथा यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बी आर पी इंटर कॉलेज चेक करने पहुंचे डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि परीक्षा को सकुशल और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पिछले कई दिनों से तैयारी कर रहा था। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन बनाने के लिए सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है और सभी अधिकारी पूरी सतर्कता के साथ निगरानी कर रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ