दीपक श्रीवास्तव
महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, त्रिलोचन महादेव में भक्तों की लगी लंबी कतार
जौनपुर, 15 फरवरी । यूपी के जौनपुर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को जिले भर के शिवालयों में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के सुबह 3 बजे से ही श्रद्धालु मंदिरों की ओर बढ़ने लगे। विशेष रूप से त्रिलोचन महादेव मंदिर में भारी भीड़ देखने को मिली। प्रातः 3 बजे भगवान भोलेनाथ की आरती के बाद दर्शन का क्रम शुरू हुआ, जिसके बाद लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी कतार लग गई। दोपहर तक करीब 40 हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे, जबकि एक लाख से अधिक भक्तों के आने का अनुमान है।
मंदिर के प्रधान महंत गिरधर गिरी ने बताया कि शाम से पूरी रात रुद्राभिषेक और जागरण का आयोजन किया जाएगा। मान्यता है कि यहां भगवान शंकर स्वयं शिवलिंग के रूप में भूमि से प्रकट हुए थे। स्कंद पुराण में भी इस मंदिर का उल्लेख मिलता है। जनश्रुति के अनुसार जिस स्थान पर शिवलिंग प्रकट हुआ, वहां प्रतिदिन एक गाय स्वयं आकर दूध अर्पित करती थी। खुदाई में शिवलिंग निकलने के बाद यहां भव्य मंदिर का निर्माण हुआ, जो सैकड़ों वर्ष पुराना बताया जाता है।
इसी प्रकार महादेव से लगभग 30 किलोमीटर दूर स्थित साईनाथ महादेव मंदिर में भी हजारों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। मान्यता है कि त्रिलोचन महादेव के दर्शन के बाद साईनाथ महादेव के दर्शन करने से पूजा पूर्ण मानी जाती है।
जिले के अन्य प्रमुख शिवालयों— गौरीशंकर महादेव मंदिर, रामेश्वर महादेव मंदिर, गोमतेश्वर महादेव मंदिर, तारकेश्वर महादेव मंदिर तथा पाँच शिवाला मंदिर में भी सुबह से भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। श्रद्धालु जल, दूध और बेलपत्र अर्पित कर पूजा-अर्चना करते रहे।
भीड़ नियंत्रण के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सैकड़ों पुलिसकर्मी तैनात हैं। एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव व सीओ केराकत अजीत कुमार रजक स्वयं मौके पर कैंप कर निगरानी कर रहे हैं। मंदिर परिसर और आसपास सीसीटीवी कैमरों से सतत निगरानी की जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें