विश्वविद्यालय के गणित विभाग में आयोजित हुआ विशेष व्याख्यान

दीपक श्रीवास्तव 
विश्वविद्यालय के गणित विभाग में आयोजित हुआ विशेष व्याख्यान 

 मुख्य वक्ता डॉ. आशीष तिवारी ने डिफरेंशियल इक्वेशन्स: प्रॉपर्टीज ऑफ सॉल्यूशन्स’ विषय पर रखी बात 


जौनपुर.  वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के  रज्जू भैया संस्थान के गणित विभाग में शनिवार को डिफरेंशियल इक्वेशन्स: प्रॉपर्टीज ऑफ सॉल्यूशन्स’ विषय पर एक आमंत्रित व्याख्यान आयोजित किया गया। इस व्याख्यान के मुख्य वक्ता बिरला इंस्टिट्यूट ऑफ साइंस एण्ड टेक्नॉलजी, पिलानी के  गणित विभाग के  विभागाध्यक्ष डॉ. आशीष तिवारी रहे. 
अपने व्याख्यान में डॉ. तिवारी ने सर्वप्रथम अवकल समीकरण की संकल्पना तथा उसके हलों की मूल प्रकृति को स्पष्ट किया। इसके उपरांत उन्होंने अवकल समीकरणों के हलों के विभिन्न गुणधर्मों का विस्तृत विवेचन किया। उन्होंने स्टर्म–पॉइंक्रे प्रमेय तथा स्टर्म तुलना प्रमेय को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया। व्याख्यान के अंत में मुख्य वक्ता ने त्रिकोणमितीय और हाईपरबोलिक फलनों के शून्यक पर भी चर्चा की। 
कार्यक्रम का शुभारंभ गणित विभागाध्यक्ष प्रो. मिथिलेश सिंह के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने मुख्य वक्ता सहित सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए व्याख्यान के महत्व पर प्रकाश डाला। संस्थान के निदेशक प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने अपने संबोधन में संस्थान तथा विश्वविद्यालय में संचालित शैक्षणिक, शोध एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी दी। डॉ. आशीष तिवारी का परिचय डॉ. दीपक कुमार मौर्य ने विद्यार्थियों को कराया।
कार्यक्रम का संचालन सौरभ कुमार सिंह ने किया तथा समापन अवसर पर डॉ. आशीष वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस व्याख्यान में संस्थान के समस्त शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ