वरुणा नदी किनारे युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका

दीपक श्रीवास्तव 
वरुणा नदी किनारे युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका
जौनपुर,16 फरवरी। यूपी के जौनपुर में रामपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब आशापुर-फेरूपुर गांव के पास नदी के किनारे सरसों के खेत में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। युवक की उम्र लगभग 23 वर्ष बताई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार खेत में पड़े शव का चेहरा ईंट से बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिला। सूचना मिलते ही रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं को सूचना दी गई तथा फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर जांच में जुटी है।
मौके से कुछ दूरी पर एक बाइक लावारिस अवस्था में बरामद हुई है। बाइक के साइलेंसर पर पैरों के निशान पाए जाने की बात सामने आई है। इसके अतिरिक्त घटनास्थल के पास शराब की बोतलें भी मिलीं, जिनमें एक बोतल टूटी हुई बताई जा रही है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि युवक के साथ पहले मारपीट की गई और बाद में ईंट से वार कर हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया गया। मृतक की शिनाख्त बृजेश यादव पुत्र लालचंद यादव थाना सिकरारा ग्राम सभा मेहंदीपुर के रूप में हुई है। मृतक किसी प्राइवेट कंपनी में जॉब करता है कल कंपनी से पड़ोसी की बाइक लेकर भदोही जिला के तुलसी चक ग्राम सभा ननिहाल में आया था घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं परमानंद कुशवाहा ने बताया कि रामपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम आशापुर में एक खेत में शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर स्थानीय पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया गया। प्रारंभिक जांच में ईंट से वार कर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है तथा अन्य विधिक कार्यवाही प्रचलित है।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ