भारत की जीत पर जौनपुर में जश्न, सड़कों पर उमड़े क्रिकेट प्रेमी

दीपक श्रीवास्तव 
भारत की जीत पर जौनपुर में जश्न, सड़कों पर उमड़े क्रिकेट प्रेमी

जौनपुर, । यूपी के जौनपुर में रविवार रात भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए रोमांचक क्रिकेट मुकाबले में टीम इंडिया की शानदार जीत के बाद जौनपुर जिले में उत्साह और उल्लास का माहौल छा गया। मैच में भारत की जीत सुनिश्चित होते ही शहर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से गूंज उठा।
जीत की खुशी में क्रिकेट प्रेमी देर रात सड़कों पर उतर आए। शहर के प्रमुख स्थानों—रुहट्टा, ओलन्दगंज और पॉलिटेक्निक चौराहे—पर युवाओं और बुजुर्गों की भारी भीड़ जुट गई। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और गले मिलकर अपनी खुशी साझा की।
कई स्थानों पर आतिशबाजी की गई, जिससे आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर बाइक रैलियां निकालीं और ‘इंडिया-इंडिया’ के नारों के साथ शहर में जुलूस निकाले। ढोल-नगाड़ों की थाप पर लोग देर रात तक झूमते रहे।
उत्सव केवल मुख्य चौराहों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विभिन्न मोहल्लों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी जीत का जश्न देखने को मिला। कुछ स्थानों पर गुलाल उड़ाकर होली जैसा माहौल बना दिया गया।
पड़ोसी देश के खिलाफ मिली इस महत्वपूर्ण जीत ने जौनपुरवासियों को गर्व से भर दिया। देर रात तक चले इस जश्न ने यह दर्शाया कि भारत-पाक मुकाबला केवल एक खेल नहीं, बल्कि लोगों की भावनाओं से जुड़ा विशेष अवसर है।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ