दीपक श्रीवास्तव
विश्व अल्जाइमर दिवस पर मंगल क्लीनिक में संगोष्ठी आयोजित
जौनपुर। विश्व अल्जाइमर दिवस के अवसर पर सोमवार 21, सितंबर को मंगल क्लीनिक, वाजिदपुर तिराहा, जौनपुर में अल्जाइमर रोग एवं डिमेंशिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सक, क्लीनिक स्टाफ तथा मरीजों के परिजन उपस्थित रहे।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए डॉ. उत्तम कुमार गुप्ता, मनोचिकित्सक, ने कहा कि अल्जाइमर डिमेंशिया का एक प्रमुख कारण है। इसमें व्यक्ति की याददाश्त, सोचने-समझने की क्षमता तथा दैनिक कार्य करने की क्षमता धीरे-धीरे प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा कि भूलने की समस्या को केवल उम्र का सामान्य हिस्सा मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। लगातार भूलने, एक ही बात बार-बार पूछने, परिचित स्थानों पर रास्ता भूलने अथवा व्यवहार में बदलाव जैसे लक्षण दिखाई देने पर समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लेना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि अल्जाइमर रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाकर इसकी शुरुआती पहचान और मरीजों की बेहतर देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है। परिवार के सदस्यों को भी ऐसे मरीजों के प्रति धैर्य, संवेदनशीलता और सहयोग का व्यवहार करना चाहिए।
कार्यक्रम में मैनेजर शशि भूषण पांडे, अजय चंद्र साहू, दिलीप, रमाकांत यादव, तॄलोकी यादव, मोनी, अनुष्का, कविता, गुड़िया सहित क्लीनिक के अन्य स्टाफ तथा मरीजों के परिजन उपस्थित रहे।
अंत में डॉ. उत्तम कुमार गुप्ता ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अल्जाइमर और डिमेंशिया के प्रति जागरूकता ही समय पर पहचान, उचित उपचार और बेहतर देखभाल की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें