मां के पेंशन और जमीन के विवाद में बेटे ने मां- बहन की कुल्हाड़ी से मारकर किया हत्या

दीपक श्रीवास्तव 
मां के पेंशन और जमीन के विवाद में  बेटे ने मां- बहन की कुल्हाड़ी से मारकर किया हत्या
खेत से उड़द की फसल लाने को लेकर भाई-बहन में हुआ विवाद, आरोपी बेटा गिरफ्तार

जौनपुर, 18 सितंबर । यूपी के जौनपुर में नेवढ़िया थाना क्षेत्र के सैदूपुर गांव में शुक्रवार दोपहर जमीन और मां के पेंशन को लेकर चल रही पुरानी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। खेत से उड़द की फसल लाने के लिए सगड़ी ले जाने की बात को लेकर हुए विवाद में आरोप है कि भूपेंद्र पटेल ने अपनी बहन गौरा देवी (45) और मां शीतला देवी (70) पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार  भूपेंद्र पटेल और उसकी बहन गौरा देवी के बीच जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। मां के पेंशन को लेकर भी परिवार में आए दिन कहासुनी होती थी। शुक्रवार करीब तीन बजे गौरा देवी खेत से उड़द की फसल लाने के लिए सगड़ी ले जाने की बात कह रही थीं। इसी को लेकर भाई-बहन में विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर भूपेंद्र ने धारदार हथियार से गौरा देवी पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची मां शीतला देवी भी हमले की चपेट में आ गईं।
दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही नेवढ़िया पुलिस मौके पर पहुंची। दोहरे हत्याकांड की जानकारी पर एएसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह, सीओ मछलीशहर परमानंद कुशवाहा, सीओ मड़ियाहूं विजय चौधरी समेत सर्किल की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
ग्रामीणों के अनुसार आरोपी परिवार में आए दिन विवाद करता था। मां के पेंशन और जमीन को लेकर अक्सर लड़ाई-झगड़ा होता रहता था, लेकिन किसी को घटना के इतने गंभीर रूप लेने की आशंका नहीं थी।
इस मामले में जानकारी देते हुए 
एएसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि भूपेंद्र पटेल ने अपनी मां और बहन पर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया है। दोनों की उपचार के दौरान मौत हो गई। आरोपी को तत्काल हिरासत में लिया गया है। मौके से हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ