शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित हुए प्रबंधक इज़हार हुसैन

दीपक श्रीवास्तव 
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित हुए प्रबंधक इज़हार हुसैन 
जौनपुर। बेगमगंज स्थित मदरसा इमाम जाफ़रे सादिक में पैगंबर हज़रत मोहम्मद साहब के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में 'हफ़्ते वहदत' (एकता सप्ताह) कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान समाज और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया, जिसमें शिक्षा के प्रसार में उत्कृष्ट योगदान के लिए एम एच कॉन्वेंट स्कूल ज़फ़रबाद के प्रबंधक इज़हार हुसैन को विशेष सम्मान से नवाज़ा गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजकीय मेडिकल कॉलेज  जौनपुर के वरिष्ठ डॉ. ए. ए. जाफ़री, शिया धर्मगुरू डॉ. कल्बे रुशैद और पंडित विजय कुमार शर्मा उपस्थित रहे। अतिथियों ने पैगंबर मोहम्मद साहब की जीवनी और शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मोहम्मद साहब किसी एक धर्म या समुदाय विशेष के लिए नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के रहनुमा हैं। उन्होंने दुनिया को शांति, भाईचारे और इंसानियत का संदेश दिया।
डॉ. कल्बे रुशैद ने प्रबंधक इज़हार हुसैन को सम्मानित करते हुए अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण अंचलों में शिक्षा का प्रकाश फैलाना बेहद पुनीत कार्य है। जब नई पीढ़ी शिक्षित होगी, तभी समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा और लोग मानव सेवा के प्रति जागरूक होंगे।
समारोह के समापन अवसर पर एम एच कॉन्वेंट के प्रबंधक इज़हार हुसैन के साथ-साथ पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े सैय्यद कमर हसनैन दीपू' और आरिफ हुसैनी को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मौलाना शाजान ज़ैदी, मौलाना आसिफ, मौलाना सैफ आब्दी, मौलाना दिलशाद, शिया जागरण मंच के उपाध्यक्ष शाहिद मेहदी सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में मदरसे के प्रबंधक मौलाना सफ़दर हुसैन ज़ैदी ने सभी आगुंतकों व अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ