एक ही खाट पर सो रहे मां-बेटे को सांप ने डसा, मासूम की मौत; मां वेंटिलेटर पर

दीपक श्रीवास्तव 
एक ही खाट पर सो रहे मां-बेटे को सांप ने डसा, मासूम की मौत; मां वेंटिलेटर पर
 जौनपुर,07 अगस्त । यूपी के जौनपुर में जलालपुर थाना क्षेत्र के नहोरा गांव में शुक्रवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। एक ही खाट पर सो रहे मां-बेटे को सांप ने डस लिया। सर्पदंश के बाद दोनों की हालत बिगड़ गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें जौनपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान शनिवार सुबह पांच वर्षीय यश मौर्य की मौत हो गई। वहीं उसकी मां नीलम देवी (26) की हालत गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों ने उन्हें वेंटिलेटर पर रखा है।
ग्राम प्रधान ऋषिराज यादव के अनुसार, घटना रात करीब एक बजे की है। नीलम देवी अपने पांच वर्षीय बेटे यश के साथ एक ही खाट पर सो रही थीं। इसी दौरान सांप ने दोनों को डस लिया। सर्पदंश का पता चलने पर परिजन तत्काल दोनों को लेकर जौनपुर के निजी अस्पताल पहुंचे। करीब सुबह 3:30 बजे दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान करीब सुबह यश की मौत हो गई। वहीं, नीलम देवी की हालत लगातार गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों ने उनकी हालत को देखते हुए उन्हें वेंटिलेटर पर रखा है और उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि नीलम देवी गर्भवती हैं।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में भी मातम का माहौल है। एक ही खाट पर सो रहे मां-बेटे के सर्पदंश का यह हादसा पूरे गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ