दीपक श्रीवास्तव
नोएडा में जौनपुर के दिव्यांग बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा और डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने किया सम्मानित
जौनपुर। नगर के रूहट्टा स्थित राजेश स्नेह ट्रस्ट ऑफ एजुकेशन दिव्यांग बच्चों का स्कूल एवं पुनर्वास केंद्र के बच्चों ने तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण के दौरान नोएडा में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सभी का दिल जीत लिया। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा एवं वरिष्ठ नेता डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
भ्रमण दल ट्रेन से जौनपुर से नोएडा पहुंचा। यात्रा के दौरान बच्चों ने गीत-संगीत, वाद-विवाद और विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। नोएडा पहुंचने के बाद बच्चों ने प्रसिद्ध फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. महिपाल सिंह की संस्था फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन का भ्रमण किया। यहां उन्होंने दिव्यांग बच्चों द्वारा तैयार कैंडल, मूर्तियां, खिलौने, क्ले से बनी कलाकृतियां और अन्य उत्पादों का अवलोकन किया तथा वोकेशनल प्रशिक्षण की गतिविधियों को करीब से देखा।
भ्रमण के दूसरे दिन बच्चों ने केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री बीएल वर्मा के आवास पर उनसे मुलाकात की। मंत्री ने बच्चों से आत्मीय बातचीत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और उनके प्रयासों की सराहना की।
तीसरे दिन आयोजित "क्षितिज की गूंज – सपनों को पंख, हुनर को पहचान" कार्यक्रम में जौनपुर के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि डॉ. मुरली मनोहर जोशी और मुख्य अतिथि बीएल वर्मा ने बच्चों को सम्मानित कर उनके आत्मविश्वास और प्रतिभा की प्रशंसा की।
भ्रमण के अंतिम दिन बच्चों ने नोएडा के प्रमुख स्थलों का भ्रमण किया और इसके बाद जौनपुर के लिए रवाना हुए।
राजेश स्नेह ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. राम नारायण सिंह ने फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन, डॉ. महिपाल सिंह तथा सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस शैक्षणिक भ्रमण से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ा है और उन्हें नई सीख व प्रेरणा मिली है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें