दीपक श्रीवास्तव
जगन्नाथ रथयात्रा के चार दिवसीय महोत्सव का समापन,
विशाल कढ़ी भात भंडारे के साथ हुआ संपन्न
जौनपुर में चार दिवसीय भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का रविवार शाम 4 बजे पारंपरिक विधि-विधान के साथ भव्य समापन हो गया। इस अवसर पर विशाल कढ़ी-भात भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
समापन दिवस पर सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भ्राता बलभद्र एवं बहन देवी सुभद्रा के दर्शन-पूजन के लिए देर शाम तक भक्तों का तांता लगा रहा।
आचार्य डॉ. रजनीकांत द्विवेदी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं देवी सुभद्रा का षोडशोपचार पूजन संपन्न कराया। इस दौरान हरदेव सिंह, नीलम सिंह, रोहन सिंह एवं तुषित गुप्ता मुख्य यजमान रहे। पूजन के उपरांत भगवान को कढ़ी-भात, मौसमी सब्जी, मालपुआ और शाही खीर का विशेष महाभोग अर्पित किया गया।
महाआरती के बाद मुख्य अर्चक पंडित दिनेश चंद्र द्विवेदी ने विशाल कढ़ी-भात भंडारे का शुभारंभ किया। मंदिर परिसर पूरे दिन "जय जगन्नाथ" के जयघोष से गुंजायमान रहा। रथयात्रा समिति के अध्यक्ष शशांक सिंह रानू और महामंत्री शिवशंकर साहू सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रसाद वितरण की व्यवस्था संभाली।
समापन समारोह में प्रदेश सरकार के मंत्री गिरीश चंद्र यादव, पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञान प्रकाश सिंह, श्याम मोहन अग्रवाल, डॉ. एम.एम. वर्मा, निशाकांत द्विवेदी, आशीष गुप्त 'आशु', रवीन्द्र अग्रहरि, प्रदीप सिंह 'रिंकू', अतुल सिंह, गणेश साहू, डॉ. क्षितिज शर्मा, डॉ. वी.एस. उपाध्याय, श्री दुर्गा पूजा महासमिति के अध्यक्ष मनीष देव मंगल, मोतीलाल यादव, संतोष सिंह वत्स, डॉ. ब्रह्मेश शुक्ला, संतोष त्रिपाठी, जिला व्यापार मंडल अध्यक्ष विवेक सिंह, जय कृष्ण साहू, दिलीप सिंह, प्रदीप सिंह, विष्णु सहाय, विपिन अग्रवाल, डॉ. विकास रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में श्री जगन्नाथ मंदिर के ट्रस्टी सीए संजय गुप्ता ने रथयात्रा महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। विशाल प्रसाद वितरण के साथ ही चार दिवसीय श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में समापन हो गया।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें